हरिद्वार। अपर जिलाधिकारी बीर सिंह बुदियाल ने ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत रूड़की के ग्राम खटका का भ्रमण किया।
जहां उन्होंने जन सुनवाई एवं स्थलीय निरीक्षण किया। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण किया, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्राम प्रधान व आम जनता उपस्थित थी। जन सुनवाई के दौरान ग्रामवासियों से 10 लिखित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिनका समाधान अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर तत्काल निस्तारण के लिये निर्देशित किया। इसके पश्चात् जिलाधिकारी आंगनबाड़ी केन्द्रों व पंचायत घर के निरक्षण के लिये पहुँचे। उन्होंने पाया कि आंगनबाड़ी केन्द्र में जीर्णोद्धार की आवश्यकता है, जिसके लिये अधिकारियों को जीर्णोद्धार के आदेश दिये तथा पंचायत घर जीर्णोद्धार के लिये अधिकारियों की ओर से बजट की मांग की गई। बीर सिंह बुदियाल ने गांव में नालियों में गन्दगी देख एडीईओ पंचायत को सफाई-व्यवस्था के लिये इस्टीमेट तैयार कर उपलब्ध कराने के लिये निर्देश दिये। ग्रामवासियों ने अपर जिलाधिकारी को बताया गांव में मुख्य समस्या पानी की टंकी न होने की है। जल जीवन मिशन के अंभियंता ने बताया कि पानी की टंकी के लिये भूमि की आवश्यकता है। ग्रामीण जग्गू तथा ग्रामवासियों ने पानी की टंकी हेतु भूमि उपलब्ध कराने की बात कही। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अभियंता से फोन पर बात कर ग्रामीणों से सम्पर्क करने के बाद भूमि उपलब्ध होने पर तत्काल पानी की टंकी स्थापित करने के आदेश दिये।। अपर जिलाधिकारी ने मौके पर गांववासियों से राशन, पेंशन आदि समस्याओं के विषय में जानकारी ली तब उन्होंने बताया कि इस तरह की कोई दिक्कत नहीं है।