काशीपुर । जिलाधिकारी के आदेश पर जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में आज यहां आबकारी विभाग की टीम ने एक बार फिर अवैध शराब की धरपकड़ के लिए छापेमारी की, इस दौरान दो शराब भट्टियां चलती हुई पकड़ी गई।
मिली जानकारी के अनुसार आबकारी अधिकारी सोनू सिंह के नेतृत्व में आज आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब कारोबारियों की धरपकड़ हेतु कई स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान ग्राम खाईखेड़ा और बहल्ला नदी के किनारे दो अवैध शराब की भट्टियां चलती हुई पकड़ी गई । आबकारी की टीम को देखकर शराब कारोबारी भागने में कामयाब हो गए। उसके बाद टीम ने यह भट्टियां तहस-नहस कर दी और 12000 लीटर लाहन को नष्ट किया। छापे के दौरान 80 लीटर शराब भी बरामद की गई। इस धरपकड़ अभियान में आबकारी अधिकारी सोनू सिंह के अलावा आबकारी उप निरीक्षकअसीस सिद्दीकी, देवेंद्र कुमार, विजेंद्र सिंह जीना, भुवन चौसाली,कृष्णचंद्र, मनीष पवार आदि आबकारी विभाग की टीम शामिल थी।