ऊधमसिंह नगर: 20 रुपये लेकर भागा था आरोपी पति, उससे भी खरीद लिया तंबाकू, फिर राहगीरों से मांग रहा था पैसे।

पत्नी की हत्या करने के बाद फरार हत्यारोपित के पास केवल 20 रुपये थे, जिससे उसने तंबाकू खरीद लिया था। ऐसे में वह जिले से उत्तर प्रदेश की ओर भागने के लिए लोगों से रुपयों के इंतजाम करने में लगा रहा। गनीमत रही कि उसे कहीं से भी रुपये नहीं मिले, नहीं तो वह पुलिस के हाथ नहीं आ पाता।

शुक्रवार रात पत्नी रानी की हत्या करने के बाद आरोपित आजाद राजभर कीचड़ से सने कपड़ों में ही फरार हो गया था। करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली और हत्यारोपित की तलाश में जुट गई थी। इसके लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई थीं, जो सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही यूपी से सटे बार्डर में चेकिंग में जुट गईं। हत्यारोपित आजाद का मोबाइल भी घर में ही छूट जाने पर सर्विलांस से उस तक पहुंचना मुश्किल था। ऐसे में मुखबिर की सूचना हत्यारोपित तक पहुंचने में मददगार बनी और शनिवार रात पुलिस ने उसे किच्छा रोड से गिरफ्तार कर लिया।

इस दौरान पूछताछ में उसने बताया कि हत्या के बाद जब वह घर से भागा तो उसके जेब में केवल 20 रुपये ही थे। रास्ते में उसने उन रुपयों से तंबाकू खरीद लिया था। अब उसके सामने भागने के लिए किराया नहीं था। इसलिए उसने कई राहगीरों से रुपये मांगे लेकिन नहीं मिले। जिसके कारण वह कई घंटे पैदल चलने के बाद थकान के कारण दूर तक नहीं जा पाया।

एसपी क्राइम अभय सिंह ने बताया कि हत्यारोपित आजाद राजभर ने की दो शादियां की थी। इसमें पहली पत्नी से चार बच्चे हैं, जो यूपी के बलिया में ही रहते हैं। जबकि दूसरी पत्नी रानी से पांच बच्चे हैं। इसमें दो पुत्रियों का विवाह हो चुका है और तीन पुत्र उसके साथ ही रहते हैं। आजाद की पहली पत्नी की भी कई साल पहले मौत हो चुकी थी। ऐसे में बलिया पुलिस से संपर्क किया गया है। पता लगाया जा रहा है कि उसकी पहली पत्नी की मौत कैसे हुई।

बगवाड़ा चौकी प्रभारी अशोक कांडपाल ने बताया कि हत्यारोपित आजाद राजभर तीन-चार साल पहले ही रुद्रपुर आया था। जिसके बाद उसने रुद्रपुर के शिमला पिस्तौर स्थित गंगापुर फार्म में काम करना शुरू कर दिया था। आजाद राजभर का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *