आर.पी.उदास
कच्ची शराब पीने के कारण हरिद्वार में हुई सात लोगों की सामूहिक मौत के बाद आबकारी विभाग में हलचल तेज हो गई है ।इस घटना के बाद राज्य भर में विशेष छापामार अभियान चलाकर इस अवैध धंधे में लिप्त लोगों की धरपकड़ के आदेश दिए गए हैं। उधर काशीपुर और आसपास के क्षेत्र में जिस प्रकार अवैध कच्ची शराब का धंधा कुटीर उद्योग का रूप ले रहा है उसे देखकर यह लगता है कि हरिद्वार जैसी अनहोनी की पुनरावृत्ति यहां भी हो सकती है।
हरिद्वार में पंचायत चुनाव में मतदाताओं को रिझाने के लिए कच्ची शराब बांटी गई थी जिसे पीकर सात लोगों की मौत हो गई घटना के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के एक्शन में आने के बाद आनन-फानन में एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों व आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की गई है , अनहोनी के बाद की गई इस कार्रवाई से भी असामयिक मौत का शिकार हुए लोगों को वापस नहीं लाया जा सकता इस बात को सभी जानते हैं तो फिर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की जाती यह सवाल शून्य में तैर रहा है ।आबकारी विभाग द्वारा रूटीन में चलाए जाने वाले अभियान और पुलिस की कोशिशों के बाद भी राज्य के कई शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में कच्ची और जहरीली शराब का कारोबार खूब फल-फूल रहा है ।काशीपुर बाजपुर और जसपुर में तो कई ग्रामीण क्षेत्र ऐसे हैं जहां यह कारोबार कुटीर उद्योग का रूप ले चुका है ,काशीपुर के ग्राम रमपुरा,अजीतपुर ,गुलजारपुर , प्रतापपुर गढ़ी नेगी सहित कई क्षेत्रों में कच्ची शराब बनाने और बेचने का धंधा जोरों पर चल रहा है । इसी प्रकार जसपुर में कलियावाला और पतरामपुर सहित करीब आधा दर्जन स्थानों पर अवैध शराब का धंधा कुटीर उद्योग का रूप ले चुका है। जसपुर पुलिस ने पिछले दिनों पतरामपुर में कच्ची शराब बना रहे लोगों को गिरफ्तार किया तो पता चला कि यह लोग यूरिया से जहरीली शराब बना रहे थे ,सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि यूरिया से बनने वाली शराब लोगों की सेहत पर क्या असर करेगी।
इस मामले में जानकारी लेने पर उधमसिंह नगर के जिला आबकारी अधिकारी हरीश कुमार आर्य ने बताया कि जिले के सभी आबकारी निरीक्षकों को कच्ची शराब बनाने और बेचने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं ।काशीपुर के आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह ने बताया कि उपरोक्त अवैध धंधे में लिप्त लोगों की धरपकड़ के लिए आबकारी विभाग समय-समय पर आकस्मिक कार्यवाही करता रहता है अब कल से विशेष अभियान शुरू किया जाएगा।