काशीपुर। तथाकथित किन्नरों द्वारा बधाई के नाम पर लोगों से की जा रही मोटी रकम की वसूली और अभद्रता के विरुद्ध शहर के गणमान्य लोग खुलकर सामने आए हैं ,आज इसके विरोध में काशीपुर कल्याण मंच के पदाधिकारियों ने उप जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर कठोर कार्यवाही की मांग की है।
उप जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से शहर व आसपास के लोग तथाकथित किन्नरों के आतंक से बेहद परेशान हैं, किन्नरों द्वारा पुत्र पुत्री के जन्मोत्सव, विवाह उत्सव ,गृह प्रवेश, होली ,दिवाली तथा व्यापार के शुभारंभ पर क्षेत्रवासियों से बधाई के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। उपरोक्त अवसरों पर किन्नर संगठित होकर लोगों के घर पहुंच जाते हैं और मोटी रकम की मांग करते हैं। किन्नरों द्वारा अश्लील हरकतें करने तथा असाध्य गैर सामाजिक भाषा का प्रयोग से महिला पुरुष तथा बच्चों को भय तथा अपमान का सामना करना पड़ता है ।आरोप है कि तथाकथित किन्नर बधाई के नाम पर असभ्य प्रभाव डाल कर अपमानित कर मोटी रकम की वसूली करने का काम कर रहे हैं , जो भी गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। बताया कि किन्नरों का एक गैंग सक्रिय है जो अवैध वसूली करते हुए लोगों को धमकाने का काम कर रहा है। उपजिलाधिकारी ने भी लोगों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। शिकायत करने वालों में मेयर उषा चौधरी, कृष्ण कुमार अग्रवाल, राघवेंद्र नागर, संजय चतुर्वेदी, अशोक अग्रवाल ,चक्रेश जैन, कैलाश चंद्र प्रजापति, विजय चौधरी, विमल गुड़िया, वीरेंद्र कुमार चौहान सहित दर्जनों गणमान्य नागरिक शामिल थे।