काशीपुर । बार बार समझाने के बावजूद किन्नरों की मनमानी को लेकर आज शहर के संभ्रांत नागरिकों की एक बैठक एसपी कार्यालय में एसपी और एसडीएम की मौजूदगी में हुई , जिसमें किन्नरों को स्पष्ट रूप से कह दिया गया है कि किन्नर बधाई के नाम पर किसी भी व्यक्ति से मनमानी नहीं कर सकते ।
बैठक में मौजूद गणमान्य लोगों की शिकायत थी कि किन्नर समाज बधाई अपने मनमाने तरीके से ले रहे हैं। जिस पर एसपी चंद्र मोहन सिंह, एसडीएम अभय प्रताप सिंह, कोतवाल मनोज रतूड़ी ने किन्नर परवीन बुआ से कहा जिसकी जितनी इच्छा हो वह उतनी बधाई देगा, जबरदस्ती किसी से बधाई न लें और किसी के साथ अप्रिय व्यवहार भी ना करें।
इस दौरान एसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि शहर के लोगों द्वारा किन्नरों की शिकायत करते हुए कहा गया था कि किन्नर लोग बधाई के नाम पर अभद्रता करते हुए मनमर्जी तरीके से दवाब बनाकर जबरन वसूली करते हैं। ऐसे में इनके द्वारा मांगी गई रकम गरीब व्यक्ति की पहुंच से बाहर होती है। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान यह तय किया गया कि किन्नर लोग अपने साथ अपना आई कार्ड रखेंगे, साथ ही अपना मोबाइल नंबर आदि थाने में उपलब्ध करवाएंगे। किन्नरों की मुखिया परवीन बुआ का नंबर बैठक में मौजूद सभी लोगों को उपलब्ध करा दिया गया है ऐसे में आप अगर कहीं से किन्नरों के द्वारा अवैध वसूली की शिकायत आती है तो किन्नर परवीन बुआ से संपर्क किया जाएगा। किन्नर परवीन बुआ को समझा दिया गया है कि शहर में किसी भी व्यक्ति के यहां जाकर बधाई के नाम पर अवैध वसूली नहीं करेंगे, व्यक्ति जो भी श्रद्धावश देगा स्वीकार करेंगे।
इस दौरान संजय चतुर्वेदी, चक्रेश जैन, केके अग्रवाल, विमल गुड़िया, विजय चौधरी आदि उपस्थित थे।