नई दिल्ली । भारत और पाकिस्तान के लोग बेहद परेशान हैं। देश में हीटवेव के चलते बिजली की मांग अपने सबसे उच्चतम स्तर पर है। भीषण गर्मी के चलते देश भर में कई स्थानों पर तापमान 45 डिग्री के निशान को पार कर गया है और मौसम विज्ञानियों ने भविष्यवाणी की है कि यह स्थिति और खराब होने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पश्चिम राजस्थान, मध्य प्रदेश (पूर्व और पश्चिम) और विदर्भ के उपमंडलों में भीषण गर्मी के लिए पहले ही ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया था। शेष उत्तर पश्चिमी भारत और मध्य भारत के कुछ हिस्सों को “येलो” अलर्ट पर रखा गया। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या इससे पहले इतनी गर्मी कभी नहीं पड़ी। दरअसल चिलचिलाती अप्रैल की गर्मी देश की अब तक की सबसे भीषण गर्मी कही जा रही है। इसे 122 वर्षों में अब तक का सबसे गर्म महीना बताया जा रहा है। इससे पहले भी दुनिया में गर्मी का भीषण कहर टूट चुका है। आइए नजर डालते हैं दुनिया में पिछली गर्मियों पर। पिछले साल अगस्त में, ग्रीस 30 से अधिक वर्षों में अपनी सबसे खराब गर्मी की लहर की चपेट में आ गया था। इसके कुछ क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस (113 डिग्री फारेनहाइट) तक पहुंच गया था। हीटवेव के चलते इस दक्षिणी यूरोपीय राष्ट्र के कई जंगलों में आग भड़क उठी थी। स्थिति इतनी विकट हो गई थी कि ग्रीक अधिकारियों ने जनता को अनावश्यक काम और यात्रा करने के खिलाफ चेतावनी दी थी और इसके सबसे अधिक देखे जाने वाले स्मारक प्राचीन एक्रोपोलिस को बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा था।