गन्ने के खेत में मिला था शव, पुलिस ने किया खुलासा

हरिद्वार। सोमवार को फेरुपुर में गन्ने के खेत में एक व्यक्ति का शव मिला था। 24 घंटे के भीतर पुलिस ने मामले का खुलासा कर हत्यारोपी राजमिस्त्री को गिरफ्तार किया है।

देहरादून के ग्राम डांडीपुर जसोवाला थाना सहसपुर निवासी महेंद्र के रूप में मृतक की पहचान हुई। उसका शव फेरुपुर में गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। मृतक व आरोपी नशे के आदी थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यलय में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि सोमवार को पथरी थाने में सूचना मिली कि एक अज्ञात व्यक्ति का शव फेरुपुर में गन्ने के खेत में पड़ा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल मोर्चरी में दाखिल कराया। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर शव की पहचान हुई। मृतक के भाई पाल सिंह की तहरीर पर पथरी थाने में हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस ने हत्यारे की खोजबीन में तथ्यों के आधार पर अभियुक्त ऋतिक को कटारपुर चौक से गिरफ्तार किया।

आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को अपना नाम ऋतिक पुत्र अमर सिंह निवासी धनपुरा थाना पथरी हरिद्वार बताया। बताया कि वह पेशे से राजमिस्त्री का कार्य करता है। आरोपी ने बताया मृतक महेंद्र शाम के समय उसे नशे की हालत में मिला था। पहले दोनों की आपस में बातचीत हुई। बाद में दोनों ने साथ में नशा किया। इसी बीच मृतक महेंद्र ने नशे में आरोपी ऋतिक से गाली-गलौच की व दोनों के बीच मारपीट व धक्का-मुक्की हुई। उसने गुस्से में खेत से गन्ना तोड़कर महेन्द्र पर कई वार किये। जिससे उसकी आवाज आनी बन्द हो गयी। आरोपी उसे मरा हुआ समझकर पैदल-पैदल अपने घर चला गया। घर पहुँचकर उसने मिट्टी में सने अपने कपड़े भी धो दिये। पुलिस ने मृतक के कपड़े व हत्या के दौरान आरोपी के पहने कपड़े बरामद किये हैं। आरोपी भागने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी को पड़ककर जेल भेज दिया है। आरोपी पर धारा 302 में मुकदमा दर्ज किया गया है।

आरोपी को पकड़ने वाली टीम में एसओ पथरी रवींद्र कुमार, एसआई नवीन चौहान (चौकी प्रभारी फेरुपुर) व महेंद्र पुंडीर, विपिन कुमार व कांस्टेबल नारायण राणा, अनिल पंवार जयपाल, मुकेश चौहान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *