हरिद्वार। गोदाम निर्माण का ठेका दिलाने के नाम पर लाखों रूपये की ठगी करने वाले चार लोगों के खिलाफ ज्वालापुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़ित का आरोप है कि उसने पैसे मांगे तो जान से मारने की धमकी दी गई।
ज्वालापुर कोतवाली में विगत 19 जुलाई को कय्यूम पुत्र अय्यूब निवासी एक्कड़ खुर्द थाना पथरी ने चार लोगों के विरुद्ध ट्रांसपोर्ट नगर स्थित जमीन पर गोदाम निर्माण के ठेका दिलाने के नाम पर 16,00000 रूपये धोखाधड़ी से हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया था। बताया कि आदेश कुमार, फूल कुमार, विशाल कुमार व अक्षय ने जमीन दिखायी थी। कय्यूम ने बयाना के तौर पर 16 लाख रूपये दिये थे। आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बाद भी ठेका नहीं मिला और पीड़ित के रूपये वापस मांगने पर आरोपियों ने उसे गाली-गलौज करते हुये जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने आज अभियुक्त आदेश कुमार पुत्र तिलकराम निवासी ग्राम जय भगवानपुर थाना छपार जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश को सिद्धिविनायक कॉलोनी रानीपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से नगद 50,000 बरामद किये गये हैं। अभी फरार अभियुक्त फूल कुमार उर्फ कल्लू पुत्र राम किशन निवासी ग्राम सराय ज्वालापुर, विशाल कुमार पुत्र राम सिंह निवासी मोहल्ला आनंदपुरी मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश व अक्षय निवासी ज्वालापुर की तलाश जारी है।
इस दौरान पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक संतोष सेमवाल, उप निरीक्षक विकास रावत, कांस्टेबल रोहित बरोडिया व दिनेश कुमार शामिल रहे।