हरिद्वार। वसंत पंचमी के उत्सव पर धर्मनगरी में पतंगबाजी की प्रथा अधिक प्रचलित है। पतंग उड़ाने के लिए बाजारों में मांझा की बिक्री होती है। परन्तु कुछ लालची दुकानदार अपने मुनाफे को देखते हुये अपनी दुकानों में सुप्रीम कोर्ट के प्रतिबंध के बाद भी चाइनीज मांझा धडल्ले से बेचते हैं। चाइनीज मांझे से अक्सर गंभीर दुर्घटनाएं होती रहती है। कई बार मांझे की चपेट में पक्षी तथा राह चलते व्यक्ति इसकी चपेट में आ जाते हैं।
ऐसे में चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस ने चायनीज मांझे की अवैध बिक्री कर रहे दुकानदारों के खिलाफ चैकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने कनखल क्षेत्र के लाटोवाली, कुम्हारगढ़ा, पहाड़ी बाजार तथा शहर के अन्य क्षेत्रों मे भी छापेमारी कर तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी करते हुये चायनीज मांझा बेचने वाले दुकानदारों का पुलिस एक्ट के अन्तर्गत चालान करते हुए बरामद अवैध चाइनीज मांझे को कब्जे में लेकर नष्ट किया। दुकानदारों को चायनीज मांझे से हो रही दुर्घटनाओं के बारे में जानकारी दी तथा उन्हें चेतावनी दी चायनीज मांझा बेचते अगर कोई पाया गया उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जायेगी।