दीपा माहेश्वरी
हरिद्वार। नगर निगम और प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्यवाही ना किए जाने के कारण धर्मनगरी हरिद्वार में विभिन्न स्थानों पर हो रहे अतिक्रमण ने शहर की सूरत बिगाड़ कर रख दी है, अतिक्रमण के कारण आम जनमानस को तो आवागमन में दिक्कत होती ही है साथ ही दुर्घटनाओं की भी आशंका बनी रहती है।
जानकारी के अनुसार यहां जगजीतपुर पीठ बाजार, फुटबॉल ग्राउंड वाली रोड, कटहरा बाजार, ज्वालापुर, रानीपुर मोड़, तहसील रोड, विष्णु गार्डन, आर्य नगर चैक और शिव मूर्ति, ललतारौ पुल (हरिद्वार) सहित शहर के कई ऐसे इलाके हैं जो कि अतिक्रमण की चपेट में है ,दुकानदार इतना माल दुकानों के अंदर नहीं रखते जितना बाहर सड़कों पर फैला देते हैं जिसके कारण इन क्षेत्रों में बाहन लेकर चलना तो दूर कभी-कभी पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। इस अतिक्रमण के कारण धर्म नगरी की सूरत बिगड़ गई है। हरिद्वार में लोग दूर-दूर से श्रद्धा भाव से यहां आते हैं उन्हें इस अतिक्रमण के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। विभिन्न स्थानों पर नगर निगम और प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंचती है परंतु खानापूर्ति कर वापस लौट जाती है। टीम के वापस मुड़ते ही अतिक्रमणकारी फिर उसी स्थान पर आ जाते है जहां से उन्हें हटाया गया है। पिछले दिनों कांवड़ मेले के चलते अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई थी परंतु इस मामले में अभी तक कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने के कारण अतिक्रमण की स्थिति जस की तस है।