जिस फाइबर इंडस्ट्री में श्रमिक जिंदा जला वह अवैध रूप से चल रही थी

फॉलोअप

(आर.पी.उदास)

जसपुर । जिस फाइबर इंडस्ट्री में बीती रात में भीषण अग्निकांड में एक निर्दोष श्रमिक जिंदा जलकर मौत हुई और दो श्रमिक जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं ,इस इंडस्ट्री के संबंध में एक चौंकाने वाला सच यह सामने आया है कि यह इंडस्ट्री अवैध रूप से चल रही थी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने पिछले महीने इस इंडस्ट्री पर पांच लाख का जुर्माना भी लगाया था इंडस्ट्री में अवैध रूप से थर्माकोल के दोने पत्तल आदि बनाने का काम होता था।

उल्लेखनीय है कि बीती रात यहां नादेही रोड पर स्थित श्री शानदार फाइबर इंडस्ट्री में एलपीजी सिलेंडर की लीकेज के कारण भीषण आग लग गई थी, जिस समय आग लगी फैक्ट्री में करीब दो दर्जन श्रमिक काम कर रहे थे। देखते ही देखते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। सूचना पाकर जब तक दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची फैक्ट्री में काम कर रहे ग्राम अभयराजपुर निवासी अर्जुन त्यागी 29 वर्ष की जिंदा जलकर मौत हो गई। जबकि फैक्ट्री का गार्ड मडुवाखेड़ा निवासी संजय और एक अन्य श्रमिक राहुल निवासी अभय राजपुर गंभीर रूप से आग में झुलस गए ।बताया जाता है कि संजय 75% और राहुल 90% आग में झुलस गया है। दोनों को नाजुक अवस्था में हल्द्वानी और बरेली के बाद अब इलाज के लिए मेरठ भेजा गया है। मृतक अर्जुन त्यागी के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद फैक्ट्री के स्वामी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जिस फाइबर इंडस्ट्री में यह भीषण अग्नि कांड हुआ उसके बारे में एक चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि यह इंडस्ट्री सभी नियम कानून को ताक पर रखकर अवैध रूप से चल रही थी। पिछले महीने अक्टूबर में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने छापा मारकर इस इंडस्ट्री पर पांच लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया था। इंडस्ट्री में अवैध रूप से थर्माकोल के दोने पत्तल गिलास आदि बनाने का काम चल रहा था। बड़े आश्चर्य की बात है कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा अवैध घोषित किए जाने के बावजूद यह इंडस्ट्री श्रमिकों की जान से खिलवाड़ करते हुए खुलेआम चल रही थी और प्रशासन ने आज तक ध्यान नहीं दिया। घटना के बाद तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं जिनमें यह भी सुनने में आया है कि कुछ प्रशासनिक अधिकारियों की फैक्ट्री स्वामी से सांठगांठ है और उन्हीं के रहमों करम पर यह इंडस्ट्री चल रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *