जुगाड़ वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग चलायेगा सघन अभियान

हरिद्वार। जिले के शहरी व ग्रामीण इलाकों में धड़ल्ले से परिचालित जुगाड़ वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग जल्द ही एक सघन अभियान चलायेगा। रोशनाबाद स्थित कलक्ट्रेट सभागार में परिवहन व्यावसायियों की समस्याओं के समाधान हेतु जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। ऑल इण्डिया मोटर ट्रांसपोर्ट काग्रेंस के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि जो गाड़ियां पार्किंग के बाहर खड़ी रहती हैं, उनसे भी पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आदेश दिये कि पार्किंग का ठेकेदार केवल पार्किंग के अन्दर ही पार्किंग शुल्क वसूल कर सकता है। यदि कोई भी गाड़ी पार्किंग के बाहर खड़ी है, तो उसका चालान काटा जाये। जुगाड़ वाहनों पर कार्रवाई कर सघन अभियान चलाया जाये।

बैठक में जिलाधिकारी के समक्ष परिवहन व्यावसायियों ने भगवानपुर से ईमलीखेडा-धनौरी बहादराबाद रोड पर ट्रको की नोएंट्री, इण्डस्ट्रीयल एरिया भगवानपुर एवं रूडकी की सड़कों की मरम्मत तथा पुर्ननिर्माण का प्रस्ताव रखा। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सर्वे करने के आदेश दिये।

परिवहन व्यवसायियों ने जिले के सिडकुल क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय के निर्माण का प्रस्ताव जिलाधिकारी के सामने प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने कहा कि इण्डस्ट्रीयल एरिया में कितनी गाड़ियों का आवागमन होता है, जहाँ सार्वजनिक शौचालयों की आवश्यकता है, उसका विवरण 15 दिन के भीतर दें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) पी0एल0 शाह, एसडीएम भगवानपुर जितेन्द्र कुमार, जीएमडीआईसी पल्लवी गुप्ता, एआरटीओ रश्मि पन्त, ईई लोक निर्माण मोहम्मद आरिफ खान, अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण सुरेश तोमर, सीओ निहारिका सेमवाल, प्रदेश महासचिव ऑल इण्डिया मोेटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस, आदेश सैनी, राव आफताब, राजेश कुमार, रवि, नरेश कुमार शर्मा, सुरेश कुमार राणा, जैकेश गिरि, राजेश भट्ट, रवीन्द्र सिंह मान, दलजीत सिंह मान, मनजीत सिंह मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *