काशीपुर ।डॉ. अंबेडकर राष्ट्रीय एकता मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक यहां ग्राम कुदैयावाला में हुई जिसमें कुदैयावाला में अंबेडकर पार्क निर्माण समिति के गठन पर विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर संगठन के लखनऊ में होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन को सफल बनाने का आह्वान भी किया गया।
डॉ. अंबेडकर राष्ट्रीय एकता मंच के प्रदेश प्रभारी फतेह बहादुर सिंह के मुख्य आतिथ्य एवं हरस्वरूप सिंह की अध्यक्षता में आहूत इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ग्राम कुदैयावाला में भूमि प्रबंधन समिति में दर्ज तीन बीघा जमीन पर अंबेडकर पार्क का सौंदर्यीकरण करवाकर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा लगाई जाएगी। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी फतेह बहादुर सिंह ने कहा कि उनका संगठन देश के 26 राज्यों में मानव सेवा के लिए कार्यरत है ,यह संगठन समाज के दबे कुचले वर्ग के उत्थान ,नारी सशक्तिकरण और शिक्षा आदि की दिशा में काम करते हुए लोगों में जागरूकता लाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि 11 दिसंबर को लखनऊ में संगठन का राष्ट्रीय अधिवेशन होने जा रहा है जिसमें देश भर से आए संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी व सदस्यगण भाग लेंगे। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने ब्लॉक अध्यक्ष विनोद कुमार को कुदैयावाला में अंबेडकर पार्क निर्माण समिति गठन करने की जिम्मेदारी सौंपी ।बैठक में फतेह बहादुर सिंह, सुरेंद्र सिंह धर्मपाल सिंह, लक्ष्मणदास, नवल सिंह ,लाल बहादुर सिंह ,हरि सिंह सोमपाल सिंह, हर स्वरूप सिंह ,बुद्धा सिंह , यामीन अंसारी, विनोद कुमार, माही चरण, आशू कुमार, किशनपाल, राजपाल सिंह ,जयपाल अहेरिया व वीर सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।