नैनीताल भीमताल रोड पर गिरा बोल्डर, घंटो लगा रहा गाड़ियों का लंबा जाम

नैनीताल और भीमताल रोड पर रविवार शाम घंटों जाम लगा रहा। नैनीताल रोड पर गुलाबघाटी के पास शाम को एक बड़ा बोल्डर आ गया जिसके चलते दोनों ओर यातायात बाधित हो गया। दिन में भी गौला नदी में मूर्ति विसर्जन के चलते और सैलानियों की संख्या बढ़ने की वजह से वाहनों का काफी दबाव रहा। बोल्डर हटाने के बाद यातायात को सुचारु किया गया।

नैनीताल मार्ग पर जाम लगने की वजह से लोग काफी परेशान रहे। रविवार का दिन होने के कारण नैनीताल आने और जाने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ गई। इस वजह से सुबह से ही नैनीताल रोड पर वाहनों का अधिक दबाव बना रहा। पुलिस ने पहले से ही नैनीताल रोड पर वाहनों की संख्या को कम करने के लिए नैनीताल से हल्द्वानी आ रहे वाहनों को वाया भीमताल भेजा था। हालांकि यहां भी वाहनों की काफी अधिक संख्या रही। जाम में फंसे लोग करीब चार घंटे तक परेशान रहे।

भगवान गणपति की मूर्ति विसर्जन का दिन होने के चलते जुलूस निकलने की वजह से काठगोदाम में भी लोगों की भीड़ थी। इस वजह से शाम के समय नैनीताल और भीमताल को जाने वाली दोनों ही सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। हालात और तब और खराब हो गए कि जब शाम को करीब छह बजे रानीबाग में गुलाबघाटी के पास एक बड़ा बोल्डर सड़क पर आ गिरा।
गनीमत रही कि बोल्डर के नीचे गिरने की वजह से जानमाल का नुकसान नहीं हुआ लेकिन सड़क पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। नैनीताल और भीमताल रोड दोनों ओर सड़कों पर लंबा जाम लग गया। नैनीताल रोड पर जहां ज्योलीकोट से ही जाम की स्थिति थी तो वहीं भीमताल रोड पर सलड़ी रानीबाग पुल से सलड़ी तक जाम लग गया।
इधर काठगोदाम पुलिस ने जेसीबी मंगवाकर बोल्डर को हटवाया। रात करीब 9.30 बजे बोल्डर को हटाया गया। इसके बाद यातायात को सुचारु किया गया। वहीं दिन के समय रामपुर रोड पर भी जाम की स्थिति बनी रही थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *