रूद्रपुर। अध्यक्ष उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग जीएस मर्तोलिया आईपीएस ने 11 जून 2023 को उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की आयोजित परीक्षाओं की व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में जिला कार्यालय में बैठक ली। उन्होने कहा कि आयोग द्वारा परीक्षा कराने की पूरी तैयारी कर ली गयी है। पारदर्शी व नकलविहीन परीक्षा कराना हम सब की जिम्मेदारी है, इसलिये किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही न हो इसका विशेष ध्यान रखा गया है। परीक्षा से दो दिन पूर्व सभी परीक्षा केन्द्रों की गहनता से चैकिंग कर ली जाये। पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि सुरक्षा की दृष्टिगत पुलिस व्यवस्था पर्याप्त हो। परीक्षा केन्द्रों पर वायोमैट्रिक की व्यवस्था के साथ-साथ वीडियोग्राफी भी करायी जायेगी। परीक्षा में तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारी आपस में समन्वय बनाकर कार्य करें। जिसको जो दायित्व दिया जाता है वह अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिन विद्यालयों में परीक्षा केन्द्र बनाया जा रहा है, उनमे सीसीटीवी कैमरा आदि की पूरी व्यवस्था हो।
बैठक में जिलाधिकारी युगल किशोर पंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी आर्या, कोषाधिकारी जुबक मोहन सक्सेना, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट आदि उपस्थित थे।