काशीपुर। लंबे समय से चले आ रहे प्रेम प्रसंग में एक युवक ने अपने ही गांव की एक युवती का न केवल शारीरिक शोषण किया बल्कि दो बार गर्भपात भी कराया । तीसरी बार गर्भवती होने पर युवक ने युवती को जहरीला पदार्थ खिला दिया , इसके बाद प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती करवा कर खुद रफूचक्कर हो गया , युवती अनुसूचित जाति की है।
मामला आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा पांडे का है , मुरादाबाद रोड स्थित एक प्राइवेट नर्सिंग होम में बीती रात भर्ती कराई गई 22 वर्षीया युवती व उसके परिजनों ने बताया कि गांव का एक युवक बाजपुर में एक फाइनेंस कंपनी में काम करता है , युवक का इस युवती से पिछले 7 वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा है , इस दौरान उसने युवती को बहला-फुसलाकर अनेकों बार उससे शारीरिक संबंध बनाए । कई बार वह उसे बाजपुर स्थित अपने किराए के मकान में बुला लेता था, इस दौरान यह युवती दो बार गर्भवती भी हुई परंतु युवक ने उसका गर्भपात करवा दिया। युवती ने बताया कि कल भी उसे बहाने से बाजपुर बुलाया था रास्ते में घर लौटते समय जब युवती ने बताया कि वह तीसरी बार गर्भवती हो गई है तो हाईवे पर ही युवक ने उसे कोई दवाई खाने को दी , जिससे उसकी हालत बिगड़ गई बेहोशी की हालत में यह लड़का उसे यहां मुरादाबाद रोड स्थित एक नर्सिंग होम में ले गया। और अस्पताल में भर्ती कराने के बाद युवती के परिजनों को सूचना देकर खुद अस्पताल से गायब हो गया । पीड़ित युवती अनुसूचित जाति की है । पता चला है कि युवती के परिजन आरोपी युवक से शादी कराने की बात कर रहे हैं, तो युवक के परिजन ले देकर मामला रफा-दफा करने के प्रयास में हैं। खबर लिखे जाने तक इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।