महानगर अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस में घमासान

लेखक – सौरभ गंगवार | 9837316852

सीपी शर्मा की ताजपोशी लगभग तय, विरोधियों ने लगाया एड़ी चोटी का जोर

रूद्रपुर। कांग्रेस को एक बार फिर पुराने दौर में वापस लाने के लिए जहां राहुल गांधी देश में भारत जोड़ो यात्रा निकालकर कर सड़कों पर पसीना बहा रहे हैं वहीं ऐसे समय में भी कुछ कांग्रेसी संगठन को जोड़ने के बजाय तोड़ने की कोशिशों में लगे हैं। ऐसा ही कुछ रूद्रपुर में भी देखने को मिल रहा है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पार्टी में अंदरखाने घमासान मचा हुआ है। वर्तमान में कार्यवाहक अध्यक्ष का दायित्व देख रहे सीपी शर्मा की ताजपोशी रोकने के लिए पार्टी के ही कुछ नेताओं ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। लेकिन इसके बावजूद सीपी शर्मा की अध्यक्ष पद पर ताजपोशी तय मानी जा रही है।

महानगर अध्यक्ष पद पर जगदीश तनेजा का कार्यकाल खत्म होने के बाद सीपी शर्मा को हाल ही में कार्यवाहक अध्यक्ष पद की जिम्मेवारी सौंपी गयी थी युवाओं और आम जनता में अच्छी पकड़ रखने वाले सीपी शर्मा को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाये जाने से निराश हो चुके कार्यकर्ताओं में उम्मीद की किरण जागी थी, सीपी शर्मा इससे पहले पार्टी में श्रमिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे थे, इस पद पर रहते हुए उन्होंने न सिर्फ श्रमिक और दबे कुचले वर्ग की आवाज को बुलंद किया बल्कि पार्टी को भी मजबूती दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी उनकी कार्यशैली कुछ अलग तरह की रही है। बेकार की चाटुकारिता करने के बजाय वह जमीन से जुड़कर काम करने में फोकस करते नजर आते है। उन्होंने कार्यवाहक अध्यक्ष पद की कमान संभालते ही महानगर में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए प्रयास शुरू कर दिये विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद हताश हो चुके कार्यकर्ताओं को पुनः नई उर्जा के साथ खड़ा करना पार्टी के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।

लेकिन इस चुनौती को सीपी शर्मा ने स्वीकार किया और बिखरे हुए कार्यकर्ताओं को पुनः एकजुट करने के प्रयास शुरू किये इसमें काफी हद तक उन्हें सफलता भी मिली है। शहर में पूर्व में जहां कार्यकर्ता कई गुटों में नजर आते थे वहीं अब कार्यकर्ता धीरे-धीरे एकजुट होते नजर आ रहे हैं। पूर्व में पार्टी का कोई भी कार्यक्रम जिला और महानगर कांग्रेस की ओर से अलग अलग होता था अब पिछले कुछ समय से जिला कमेटी और महानगर कमेटी एक साथ आयोजन करती नजर आ रही है। जो पार्टी के भविष्य के लिए शुभ संकेत कहा जा सकता है। सीपी शर्मा ने कार्यकर्ताओं में अपनी एक अलग छवि बनायी है जिससे पार्टी में उनका कद बढने के साथ-साथ धीरे धीरे उनका जनाधार भी बढ़ता नजर आ रहा है। लेकिन पार्टी के ही कुछ नेताओं को यही बात खल रही है। इसीलिए पार्टी के ही कुछ लोग सीपी शर्मा की टांग खिंचाई में लग गये हैं। दरअसल जल्द ही महानगर कांग्रेस के पूर्णकालिक अध्यक्ष की ताजपोशी होनी है।

सीपी शर्मा के अब तक के काम को देखते उनकी दावेदारी मजबूत है और पार्टी के शीर्ष नेता भी सीपी शर्मा के काम को देखते हुए उन्हें पूर्णकालिक अध्यक्ष घोषित करने के पक्ष में है, लेकिन हाल ही में विधानसभा चुनाव हार चुकी कांग्रेस नेत्री सहित कुछ अन्य कांग्रेसी सीपी शर्मा के बजाय महानगर अध्यक्ष पद पर अपने किसी चहेते की ताजपोशी कराना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने एड़ी चोटी का जोर भी लगा दिया है। बताया जाता है कि जिसका नाम कांग्रेस नेत्री ने महानगर अध्यक्ष पद के लिए सुझाया है उनके पक्ष में न तो कार्यकर्ता हैं और न ही जनता के बीच उनकी छवि अच्छी है। महानगर अध्यक्ष पद के लिए एक तरफ साफ सुथरी छवि के सीपी शर्मा हैं तो दूसरी तरफ ऐसे व्यक्ति का नाम है जो पार्टी के कार्यक्रमों में कम ही सक्रिय रहते हैं। ऐसे में महानगर अध्यक्ष पद के लिए पार्टी में चल रहा घमासान पार्टी को कहीं न कहीं नुकसान पहुंचा सकता है। मौजूदा हालातों को देखते हुए कांग्रेस के लिए यही बेहतर होगा कि वह कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने वाले और पार्टी के लिए समर्पित व्यक्ति को महानगर अध्यक्ष पद जैसी जिम्मेवारी सौंपी जाये तभी पार्टी एक मजबूत विपक्ष की भूमिका का निर्वहन करने और आगामी 2024 के चुनाव में भाजपा का मुकाबला करने में सक्षम होगी।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *