हरिद्वार। एएनटीएफ और ज्वालापुर पुलिस ने संयुक्त रूप सेे स्मैक का करोबार करने वाले चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें महिला आरोपी भी शामिल है। इनके कब्जे से करीब 30 लाख 80 हजार रुपये की स्मैक बरामद की गई है। नशा तस्कर बरेली से स्मैक लाकर यहाँ सौदा करने वाले थे। एसएसपी ने आरोपियों को पकड़ने वाली टीम की पीठ थपथपाते हुये 5,000 रूपये ईनाम देने की घोषणा की है।
आज दोपहर एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने ज्वालापुर कोतवाली में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि बीते रोज गुप्त सूत्र के माध्यम से उन्हें स्मैक के बड़े सौदा होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसएसपी ने सीओ ज्वालापुर शांतनु पाराशर एवं एएनटीएफ की संयुक्त टीम गठित की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुये आरोपियों को सुभाषनगर में स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया। इन आरोपियो में रईस उर्फ गोलू पुत्र सईद निवासी लादपुर खुर्द लक्सर, शहजाद उर्फ गड्डी पुत्र फुरकान निवासी जबरदस्तपुर रुड़की, अभिषेक राजपूत पुत्र राजवीर सिंह व उसकी पत्नी निवासी ग्राम स्याऊ थाना चाँदपुर बिजनौर (हाल निवासी चोर गली सुभाष नगर ज्वालापुर) हैं। इनके कब्जे से 308 ग्राम स्मैक, 14,000 रुपये नगद, डिजिटल तराजू एंव सौदे में प्रयुक्त आई-20 कार बरामद की। आरोपी दंपत्ति में अभिषेक कुछ समय पहले ही एनडीपीएस एक्ट में जमानत पर रिहा हुआ था तथा उसकी पत्नि एनडीपीएस एक्ट के मकदमें में पहले से वाँछित चल रही थी।
पूछताछ में नशा तस्कर रईस उर्फ गोलू ने बताया कि वह अपने साथी शहजाद उर्फ गड्डी के साथ बरेली से यहाँ स्मैक आरोपी दंपत्ति को देने आये थे। आरोपी शहजाद 10वीं फेल है और रईस अनपढ़ है। आरोपी शहजाद उर्फ गड्डी पर रानीपुर, पथरी, ज्वालापुर व रईस पर कलियर व ज्वालापुर में अपराधिक इतिहास दर्ज है।
आरोपी दंपत्ति स्मैक को छोटी-छोटी मात्रा मे नशा करने वालों व स्कूली बच्चों को अच्छे दाम पर बेचते थे। बरामद रकम महिला ने स्मैक को फुटकर में बेचकर जोड़ी गई थी। दंपत्ति ने नशा सामग्री बेचकर वर्ष 2020 में सुभाषनगर में एक घर खरीदा था। जो पति अभिषेक के नाम पर है। नशा तस्कर दंपत्ति में पति 10वीं पास है और पत्नी 10वीं फेल है। आरोपी दम्पति पर ज्वालापुर में अपराधिक इतिहास दर्ज है।
तस्करों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में सीओ ज्वालापुर शांतनु पाराशर, उप निरीक्षक राजेश बिष्ट, विकास रावत, रविन्द्र जोशी, ललिता चुफाल व कांस्टेबल नरेन्द्र सिंह राणा व एएनटीएफ टीम निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट, उप निरीक्षक रणजीत तोमर व हेड कांस्टेबल, रियाज अली, सुनील व मुकेश शामिल रहे।