काशीपुर। शहर में कराई जा रही सफाई व्यवस्था के तमाम दावे आज मौसम की पहली बारिश में हवाई साबित हुए। कुछ देर की बारिश से पूरा शहर जलमग्न नजर आया , भारी जलभराव के कारण लोगों को परेशानी के साथ ही आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।
आज सुबह 8:00 बजे के बाद शहर में मौसम की पहली बरसात हुई , कुछ देर हुई बारिश के बाद शहर में जगह-जगह सड़कों पर पानी भर गया मुख्य चौराहे महाराणा प्रताप चौक , मेन बाजार, रतन सिनेमा रोड और बाजपुर रोड पर भारी जलभराव के कारण लोगों को आने जाने में तो दिक्कतें हुई ही साथ ही व्यापारियों के प्रतिष्ठानों में पानी भर जाने के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है। इन क्षेत्रों के अलावा आवास विकास कॉलोनी , मोहल्ला महेशपुरा , कटरामलिया और कटोराताल क्षेत्र के अलावा बाजपुर रोड पर बनाए जा रहे हो ओवरब्रिज क्षेत्र में भारी जलभराव के कारण सड़कों पर पानी भर गया। शहर में लक्ष्मीपुर माइनर नहर की सफाई ठीक से ना होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर तैरता नजर आया । बरसात से पहले नगर निगम द्वारा किए जा रहे सफाई व्यवस्था के तमाम दावे आज हवाई साबित हुए।