युवक की हत्या से सनसनी खाली पड़े प्लाट में मिला खून से लथपथ शव

भूपेंद्र सिंह

काशीपुर । आधी रात को प्रतापपुर चौकी क्षेत्र में मेहनत मजदूरी करने वाले एक युवक का रक्त रंजित शव खाली पड़े प्लाट में लावारिस पाया गया। मृतक के सिर पर चोट के गहरे निशान हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। उधर दूसरी ओर मृतक परिजन मामले की तहरीर पुलिस को देने की तैयारी में हैं। सनसनीखेज घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। जानकारी के मुताबिक प्रतापपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम गोपीपुरा निवासी बृजमोहन 31 वर्ष पुत्र शिवचरण मेहनत मजदूरी किया करता है। उसके साढ़े तीन वर्ष का एक बेटा जसप्रीत तथा डेढ़ वर्ष की बेटी परलीन कौर है। मृतक की शादी को लगभग 8 वर्ष वर्ष हुए। मृतक की पत्नी प्रीति कौर ने बताया कि गत शुक्रवार की रात लगभग 7रू45 बजे वह पति के साथ दवाई लेकर घर आई। इसके बाद पति रोजाना की भांति ठंडा पानी लेने के लिए बाइक संख्या यूके 18 जी/ 1370 पर सवार होकर घर से निकला लेकिन वापस घर नहीं लौटा। मृतक की पत्नी ने बताया कि रात्रि लगभग 12रू00 बजे तक जब उसका पति वापस नहीं लौटा तो उसने अपने मोबाइल तथा आस-पड़ोस के अन्य मोबाइल उसे उसके फोन पर कॉल किया लेकिन पूरी रिंग जाने के बाद फोन नहीं उठा। इस बीच महिला ने आस-पड़ोस के लोगों के साथ जब रात्रि 12रू00 बजे के बाद पति की तलाश शुरू की तो गांव के बाहर आंगनवाड़ी सेंटर के समीप स्थित एक खाली पड़े प्लाट में उसका रक्तरंजित शव लावारिस हालत में पड़ा मिला। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जरूरी जानकारी जुटाने के बाद मृतक के शव को कब्जे में लेकर उसे पीएम हाउस भेज दिया जहां से आज अंत्य परीक्षण के बाद मृतक के शव को पुलिस द्वारा परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक के सिर में पीछे चोट के गहरे जख्म पाए गए इसके अलावा उसके मुंह पर भी चोट है। प्रथम दृष्टया पुलिस का अनुमान है कि मामला हत्या का हो सकता है फिलहाल पुलिस घटना की गहन जांच पड़ताल में जुटी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *