हरिद्वार। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में प्राचीन श्रीराम मंदिर में महंत रामदास की अध्यक्षता व भाजपा नेता अनिरूद्ध भाटी, समाजसेवी सुभाष महेश्वरी, सुबोध शर्मा के संयोजन में सुन्दर काण्ड व प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ।
इस अवसर पर पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि भगवान राम सबके हैं, सब राम के हैं। मर्यादा पुरूषोत्तम रामलला के प्राण प्रतिष्ठा से समूची देश-दुनिया में हर्ष की लहर है। प्रत्येक सनातनी गर्व के भाव से इन पलों को चिर स्थायी करने में जुटा है।
महंत रामदास महाराज ने कहा कि आज समूचे देश का वातावरण राममय है। लाखों रामभक्तों के बलिदान व तपस्या का फल आज प्रत्येक देशवासी को भगवान की प्राण- प्रतिष्ठा के रूप में मिला है।
अनिरूद्ध भाटी ने कहा कि भगवान राम जन-जन के आराध्य है। रामजी पूजित होने के साथ-साथ जीवन जीने, व्यवहार व शासन करने का सबसे प्रबल उदाहरण है। भगवान राम ने समन्वय, विश्व बन्धुत्व व समानता का संदेश जो अनेक युगों पूर्व दिया था वह आज भी प्रासंगिक है।
पं. संदीप तिवारी व पं. चन्द्रप्रकाश भारद्वाज की टीम ने संगीतमय सुन्दर काण्ड पाठ किया।