काशीपुर । यहां मानपुर रोड स्थित एक रिहायशी कॉलोनी में एक बार फिर से गुलदार की चहल कदमी देखी गई है ,गुलदार की मौजूदगी एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद क्षेत्र के लोगों का दिन का चैन और रात की नींद हराम हो गई है। परंतु वन विभाग पर क्षेत्रीय विधायक की बात का भी कोई असर नहीं हुआ है।
एमएम जानकारी के अनुसार यहां मानपुर रोड स्थित यादव कॉलोनी में गुरु नानक राइस मिल के पास रहने वाले सीताराम भल्ला के घर के सामने वाली सड़क पर बीती रात गुलदार नजर आया ,उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में गुलदार साफ तौर पर चहलकदमी करते हुए देखा जा सकता है । एक बार फिर से गुलदार की आमद के बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई है।
गुलदार की चहल कदमी का दृश्य देखकर लोग घरों से निकलने में भी डर रहे हैं खासकर लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हैं गौरतलब है कि काशीपुर के विभिन्न क्षेत्रों में कुछ दिनों से गुलदार की दस्तक देखे जाने पर कल क्षेत्रीय विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे ,उन्होंने कहा था कि वन विभाग इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है जिसके कारण लोगों को जान का खतरा है उन्होंने प्रशासन से इस मामले में कार्यवाही करने का अनुरोध किया था।