हरिद्वार। ऋषिकुल ऑडिटोरियम में लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2024 की तैयारियों के लिये जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट की ट्रेनिंग कार्यक्रम में जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल शामिल हुये।
कार्यक्रम में धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव कराना सबसे पवित्र कार्य है।
उन्होंने कहा कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया को निर्विघ्न, शान्तिपूर्ण तथा सकुशल सम्पन्न कराने के लिये आप सभी को सौंपे गये दायित्वों को प्रवीणता से करने के लिये निरन्तर अभ्यास करते रहना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में जितने भी चुनाव हुये हैं, वे सकुशल सम्पन्न हुये हैं। आने वाला चुनाव भी आप लोगों की मेहनत से कुशलतापूर्वक सम्पन्न होगा।
श्री धीराज सिंह गर्ब्याल ने प्रशिक्षण के दौरान जोनलध्सेक्टर मजिस्ट्रेट को जनपद की कुल जनसंख्या, कुल मतदाता, कुल पोलिंग बूथ की संख्या, संवेदनशील क्षेत्र आदि का जिक्र करते हुये कहा कि आपको इन विभिन्न पहलुओं का ध्यान रखते हुये कहां पर किस तरह की तैयारी की आवश्यकता पड़ेगी, का ध्यान रखते हुये, एक-दूसरे से आपसी सामंजस्य स्थापित करते हुये व रोस्टर तैयार करते हुये, लगातार चुनावों की तैयारी में संलग्न रहना है। उन्होंने निर्देश दिये कि लोक सभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों में कहीं पर भी कोई हीला-हवाली नहीं होनी चाहिये, क्योंकि इलेक्शन के दौरान की कोई भी ढिलाई क्षम्य नहीं होती है। इसलिये इसे गंभीरता से लेने की जरूरत है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रमेन्द्र डोभाल ने जोनलध्सेक्टर मजिस्ट्रेटों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सम्बोधित करते हुये कहा कि सबसे महत्वपूर्ण ड्यूटी चुनाव की ड्यूटी होती है तथा शान्तिपूर्ण, निष्पक्ष व निर्विघ्न चुनाव कराना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सेक्टर तथा जोनल मजिस्ट्रेटों के तौर पर जिस किसी की भी तैनाती की गयी है, वे सम्बन्धित क्षेत्र की भौगोलिक, राजनैतिक आदि तानेबाने को अच्छी तरह से समझ लें तथा आपसी सामंजस्य बनाते हुये, उसी अनुसार आज से ही तैयारी करना सुनिश्चित करें