मासूम के अपहरण का मामला: सास की जिद ने बहु के साथ बेटे को भी सलाखों के पीछे पहंचाया

हरिद्वार। पुलिस की टीम मामले के खुलासे के लिए लगी और कड़ी जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच गईं। पुलिस ने बच्चे को गोयला डेयरी थाना छावला नई दिल्ली से बरामद करते हुए दम्पति को गिरफ्तार कर लिया है। बच्चे को सकुशल बरामद करने वाली टीम को एसएसपी ने 25 हजार रुपये पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस टीम ने 13 दिन की कड़ी मशक्कत के बाद 6 माह के अभिजीत को माँ की सूनी गोद में लौटा दिया। पुलिस ने 6 माह के अन्दर चौथें बच्चे को माँ-बाप से मिलाया।

विगत 17 जून को एक परिवार गजियाबाद से हरिद्वार घूमने आया था। वह रात के समय अपने परिवार के साथ चौकी रोड़ी बेलवाला क्षेत्रांतर्गत विद्युत विभाग कॉलोनी के पास सो गया। उसी बीच माँ के पास से 6 महीने के मासूम को कोई चोरी कर ले गया।

मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि गजियाबाद निवासी भूटानी उर्फ सिकन्दर ने 2 सप्ताह पूर्व अपने 6 माह के भतीजे अभिजीत की गुमशुदगी की रिपोर्ट रोड़ी बेलवाला चौकी क्षेत्रांतर्गत दर्ज कराई थी। पुलिस ने घटना में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर गंभीरता से लेते हुये रेलवे स्टेशन, बस अड्डा आदि स्थानों पर बच्चे की खोजबीन शुरू कर दी। कड़ी मशक्कत करते हुये भी सफलता न मिलने पर एसएसपी अजय सिंह के निर्देशन में बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिये स्पेशल टीम थाना और एसओजी टीम गठित की गयी। टीम द्वारा हाइवे से लेकर शहर के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के बाद संदिग्ध फोटो मिलने पर साक्ष्यों के आधार पर बस में जाते हुये देखा गया। बस का पीछा करते हुये पूछताछ करने के उपरांत अन्य राज्य दिल्ली व उत्तर प्रदेश से समन्वय स्थापित करते हुये करीब 2 सप्ताह के बाद मासूम को गोयला डेयरी थाना छावला नई दिल्ली से सकुशल बरामद करते हुए आरोपी दंपति को धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में दम्पति ने अपना नाम प्रीति पत्नी प्रसून कुमार व प्रसून कुमार पुत्र प्रमोद कुमार निवासी ग्राम चौड़ा, संभल उत्तर प्रदेश (हाल निवासी – कुतुब विहार गोयला डेहरी थाना छावला, नई दिल्ली) बताया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि विगत 16 जून को दिल्ली निवासी प्रसून कुमार अपनी पत्नी प्रीति के साथ हरिद्वार घूमने आया था। प्रीति पहले से ही शादी शुदा थी उसने अपने पहले पति को छोड़कर प्रसून से दूसरी शादी की थी। पहली शादी से प्रीति के 2 बच्चे हैं। जिसके बाद प्रीति ने स्वयं का ऑपरेशन करा दिया था। जिस कारण प्रसून से शादी के बाद उसकी कोई संतान नहीं थी। प्रसून की माँ प्रीति को अपने वारिस न होने की बात को लेकर ताने सुनाया करती थी। इसी कारण दम्पति ने बच्चा पाने की लालसा में रात्रि के समय 6 माह के मासूम को चुपके से चोरी कर लिया था।

इस दौरान दम्पति को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भावना कैन्थोला, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेडी, उपनिरीक्षक मनोज गैरोला व उपनिरीक्षक रंजीत तोमर प्रभारी सीआईयू, उप निरीक्षक प्रवीन रावत प्रभारी चैकी रोड़ी बेलवाला, हेड कॉन्स्टेबल पदम सिंह व मनोज, कॉन्स्टेबल निर्मल, सतीश नौटियाल, त्रिभुवन, महिला कॉन्स्टेबल गुरप्रीत कौर व कंचन शामिल रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *