हरिद्वार। एक कथित ट्रैवल एजेंसी ने चारधाम यात्रा के नाम पर यात्रियों से 90000 रूपये की ठगी कर ली गई। पुलिस को यह सूचना एक वेब पोर्टल पर प्रकाशित खबर के माध्यम से हुई। पुलिस ने यात्रियों को 90,000 रूपये की रकम व 20,000 रुपए हर्जाने के तौर पर दिलवाये।
ज्वालापुर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पूणे महाराष्ट्र से चारधाम यात्रा पर आये यात्रियों ने जीएसटी बचाने के लिए कथित ट्रैवलर के कहने पर व्यक्तिगत एकाउंट नंबर पर रूपये ट्रांसफर कर वाहन एवं होटल बुकिंग की थी। लेकिन ट्रैवलर ने ऐन मौके पर सम्पर्क सूत्र बंद कर दिया।
हरिद्वार पुलिस को ठगी की सूचना यमुनोत्री के एक वेब पोर्टल पर कवरेज के माध्यम से मिली। एसएसपी ने घटना को गंभीरता से लेते हुये रेल चैकी प्रभारी एसआई सुधांशु कौशिक को व्यक्तिगत रूप से यात्रियों से सम्पर्क करने के आदेष दिये। घटना की छानबीन में जुटी पुलिस ने खाते में पैसे न होने व लिंक मोबाइल नंबर बंद आने पर केवल एक तस्वीर के माध्यम से पहले खाताधारक तथा उसके बाद ठगी करने वाले युवक तक पहुंची। युवक ने संभावित घाटे के चलते घटना को अंजाम दिया था और खाताधारक को रकम के बदले 1000 ₹ दिए थे। पुलिस ने आरोपित युवक सेे यात्रियों को 90,000 रूपये की रकम समेत यात्रा के समय हुई परेशानी के चलते 20,000 रुपए हर्जाने के तौर पर दिलवाये।
रकम वापस मिलने पर यात्रियों ने मित्र पुलिस की प्रशंसा करते आभार प्रकट किया। यात्रियों ने युवक का भविष्य खराब न हो, मुकदमा करने से मना कर दिया।