हरिद्वार। पुलिस ने एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी का छोटा हाथी व मोटर साईकिल बरामद की गई है। शातिर चोर ने पहले रेलवे रोड, ज्वालापुर से छोटा हाथी चुराया व उसके बाद देशी शराब के ठेके के बाहर खड़ी बाइक चुराकर चुपके से वाहन में लोड कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
ज्वालापुर कोतवाली उप निरीक्षक नरेश गंगवार ने बताया कि शनिवार को तस्लीम पुत्र यामीन निवासी मोहल्ला कस्सावान ने अपना छोटा हाथी चोरी होने की घटना में लिखित शिकायत देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि उसका छोटा हाथी ज्वालापुर रेलवे रोड स्थित भाईचारा होटल के बाहर खड़ा था। जिसे अज्ञात चोेरांें ने गायब कर दिया। चोरी की घटना में शिकायत के आधार पर धारा 379 आईपीसी के अन्तर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया। छानबीन में जुटी पुलिस ने सोमवार को रानीपुर झाल नहर पटरी पर एक वाहन चालक को रोका। पूछताछ में अपना नाम फरमान पुत्र निसार निवासी कैथवाड़ा ज्वालापुर बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बिना नम्बर प्लेट की मोटर साईकिल बरामद की गई। सख्ती से पूछताछ में उसने छोटा हाथी चोरी करना स्वीकार किया। बताया कि हरिलोक तिराहे के पास स्थित देसी शराब के ठेके से यह मोटरसाइकिल चुराई थी। इससे पहले भी वह कार, टैम्पो, मोटरसाइकिल चोरी करने में जेल जा चुका है।
बरामद मोटरसाइकिल चोरी होने की घटना में प्रदीप कुमार चतर सिंह निवासी अंबेडकर नगर की ओर से ज्वालापुर कोतवाली में अज्ञात के विरुद्ध धारा 379 आईपीसी में शिकायत दर्ज है। आरोपी का अपराधिक इतिहास है।
आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक नरेश गंगवार, उप निरीक्षक विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल अनुप नेगी व पंकज देवली, कांस्टेबल दिनेश कुमार व अमित गौड शामिल रहे।