काशीपुर ।आज यहां कुंडा थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीया युवती ने बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार कुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसई इस्लामनगर निवासी 18 वर्सिया गौसिया पुत्री गुलाम नबी ने आज संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। घटना का पता सुबह तब चला जब गौसिया 10 बजे तक कमरे से बाहर नहीं निकली, तो उसकी माँ ने रसोई के अंदर लगी जाली से झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। उनकी लाडली पंखे से दुपट्टे के जरिये फांसी पर लटकी हुई थी। मृतका के पिता ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं जिस वजह से वह पटना गए हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाने की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा तथा कुंडा थाना प्रभारी सहित पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पंचनामा भरकर मृतका किशोरी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, ग्रामीणों का घटनास्थल पर जमावड़ा लग गया। मौके पर पहुंची काशीपुर सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची तब तक मृतका को परिजनों ने फांसी से उतार दिया था। मृतका को फांसी पर लटके हुए किसी ने नहीं देखा है ।लेकिन परिजन बता रहे हैं कि मृतका दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या की है। साथ ही पुलिस को दुपट्टा भी बरामद हो चुका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सब स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।