काशीपुर
करीब ढाई महीने पूर्व हुई एक वेटरनरी डॉक्टर के पुत्र की संदिग्ध मौत के मामले में कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद मृतक की कथित पत्नी के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है । डॉक्टर का कहना है कि उनके पुत्र की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है।
इस मामले में यहां आर्य नगर निवासी डॉक्टर अनिल कुमार ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर कहा है कि वह ठाकुरद्वारा में वेटनरी डॉक्टर है उनका पुत्र संदीप हरिद्वार में नौकरी करता था , विगत 2 जनवरी को बांसफोड़न चौकी पुलिस उनके पुत्र संदीप को घायल अवस्था में लेकर उनके घर पहुंची, पुलिस के साथ मोहल्ला कटरामालियांन निवासी काजल नामक युवती भी थी। पुलिस ने उन्हें बताया कि काजल अपने को संदीप की पत्नी बता रही है और उसने संदीप के खिलाफ शिकायत भी की है । अनिल कुमार का कहना है कि इसके 4 दिन बाद संदीप हरिद्वार चला गया। विगत 10 जून को वह अपनी पत्नी के साथ मुरादाबाद गए थे वहीं उन्हें फोन पर किसी ने बताया कि उनके पुत्र संदीप की संदिग्ध मौत हो गई है और शव पोस्टमार्टम हाउस में रखा है। यहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनकी मृत पुत्र के गले पर निशान थे परंतु पुलिस और डॉक्टर इसे सामान्य मौत बता रहे थे। इस मामले में पुलिस को तहरीर देकर तथा सीएम पोर्टल पर शिकायत कर काजल नामक युवती पर उनके पुत्र की हत्या का आरोप लगाया था । उन्होंने यह भी कहा था कि काजल संदीप की पत्नी नहीं थी संदीप को ब्लैकमेल करती थी इस मामले में सुनवाई के बाद न्यायालय ने काजल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं , पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।