सांसद डा.निशंक व पालिकाध्यक्ष राजीव शर्मा ने किया सड़कों का लोकापर्ण

संवाददाता

हरिद्वार। शिवालिकनगर नगर पालिका के वार्ड नंबर 7 टिहरी विस्थापित क्षेत्र की शिव धाम कालोनी की मुख्य व आंतरिक सड़कों का लोकार्पण पूर्व मुख्यमंत्री हरिद्वार सांसद डा.रमेश पोखरियाल निशंक व पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने किया। इस अवसर पर डा.रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ संपूर्ण क्षेत्र को मिल रहा है। भाजपा सरकार गरीब, मजदूर की सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का सम्मान पूरे विश्व में बढ़ा है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में सीवर एवं पेयजल कार्य योजना को भी शीघ्र ही पूरा कराया जाएगा। डा.निशंक ने कहा कि पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा का क्षेत्र के विकास के लिए लोगों के प्रति समर्पण और उनकी कार्यशैली अदभूत है। वे लगातार क्षेत्र के लोगों की आवश्यकतानुसार कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में नगर पालिका को राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि शिवालिक नगर क्षेत्र में साफ-सफाई और सुंदर वातावरण देखने को मिलता है। जिससे पता चलता है कि राजीव शर्मा क्षेत्र में बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं। जनता का आशीर्वाद और सहयोग उन्हें मिलता रहे और वह क्षेत्र में इसी तरह से विकास के कार्य करते रहें।
नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि शिव धाम कॉलोनी में पहली बार बनी सभी सड़कों से क्षेत्रवासियों को जलभराव से मुक्ति मिलेगी और आवागमन में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि राम धाम के देवनगर, नवोदय नगर की नेहरू कॉलोनी, सुभाष नगर व टिहरी विस्थापित कॉलोनी में सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। जबकि कई सड़कों का निर्माण जारी है। शेष बची सड़कों का निर्माण कार्य भी बहुत शीघ्र पूरा करा दिया जाएगा। उनका प्रयास है कि पूरे नगर पालिका क्षेत्र में क्षेत्रवासियों की आवश्यकतानुसार सभी विकास कार्य शीघ्रता से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राजीव शर्मा ने कहा कि सौभाग्य का बात है कि देश को मोदी जैसा अतुल्य प्रधानमंत्री और प्रदेश को धामी जैसा ऊर्जावान, लोकप्रिय मुख्यमंत्री तथा डा.निशंक जैसा कर्मठ, जुझारू सांसद मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *