अमित अग्रवाल
संवाददाता
हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था लड़खड़ा गई है। काठगोदाम, इंदिरानगर, सुभाषनगर, पन्याली, दमुवाढूंगा, सुयाल कॉलोनी, बजूनिया हल्दू आदि इलाकों में 70 हजार आबादी पेयजल की किल्लत से जूझ रही है। स्थानीय लोग कई बार जल संस्थान के अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं मगर कोई राहत नहीं मिल रही है।
शीतलाहाट फिल्टर प्लांट से पेयजल आपूर्ति लंबे समय से ठप है। इस कारण काठगोदाम क्षेत्र में 40 हजार से अधिक आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है। सुभाषनगर और पन्याली में ट्यूबवेल की मोटर खराब होने से पेयजल संकट बना हुआ है। लाख दावों के बावजूद जल संस्थान लोगों का गला तर करने में नाकाम साबित हो रहा है।
जल संस्थान के सहायक अभियंता नीरज तिवारी का कहना है कि काठगोदाम क्षेत्र में दो पेयजल योजनाएं हैं। पानी गंदा होने के कारण शीतलाहाट पंपिंग प्लांट बंद है। वहीं दूसरी पेयजल योजना से ग्रेविटी के जरिये पानी मुहैय्या कराया जा रहा है।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एसके श्रीवास्तव का कहना है कि जिन इलाकों में पेयजल की समस्या है वहां टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जा रही है।
विधायक प्रतिनिधि विकास भगत ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एसके श्रीवास्तव के साथ पेयजल संकट से जूझ रहे सेवा दीप निकेतन कॉलोनी का दौरा किया और पेयजल संकट दूर करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस मौके पर सहायक अभियंता प्रमोद पांडे, एमसी सती, राजेंद्र जोशी, शमशेर सिंह, संतोष पाल आदि मौजूद रहे।