होली मिलन कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री, ई-कोष वेबसाइट का किया लोकार्पण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नगर निगम देहरादून द्वारा आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने ई-कोष वेबसाइट का लोकार्पण किया, जो वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए तैयार की गई है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व समाज में सांस्कृतिक एकता और समरसता को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार देहरादून के नागरिकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नगर निगम स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्यरत है। केदारपुरम में 5 करोड़ की लागत से योगा पार्क और यमुना कॉलोनी में 1.3 करोड़ की लागत से नए पार्क का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही, दो स्थानों पर मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं और स्वच्छता सेनानी सम्मान योजना के तहत हर महीने तीन पर्यावरण मित्रों को 10,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य की जनभावनाओं के अनुरूप विकास के लिए कार्य कर रही है। सख्त भू-कानून लागू किया जा रहा है और उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है, जो महिलाओं के लिए सुरक्षा कवच साबित होगा। उन्होंने बताया कि राज्य में निवेश बढ़ाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है और साढ़े तीन साल में 20,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

मेयर सौरभ थपलियाल ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सरकार आम जन की भावनाओं के अनुरूप नीतियां लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि 2025 तक सहस्त्रधारा स्थित पूर्व ट्रेंचिंग ग्राउंड से कचरा हटाकर इसे हाट बाजार में बदला जाएगा

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल, पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा, नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *