हरिद्वार। आज पूरे भारतवर्ष की भांति धर्मनगरी में भी सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत की गई।
सड़क सुरक्षा माह आज से अगामी 14 फरवरी तक संचालित होगा। कार्यक्रम में जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल व एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल की मौजूदगी में पुलिस अधिकारी व कर्मचारी तथा अन्य संगठनों ने यातायात नियमों के पालन करने की शपथ ली।

डीएम व एसएसपी ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली नेहरू युवा केंद्र से शुरु हुई रानीपुर मोड़, शंकर आश्रम तिराहा, सिंह द्वारा चौक, प्रेम नगर आश्रम चौक, शंकराचार्य चौक, चंडी चौक, बाल्मीकि चौक, शिव मूर्ति चौक, देवपुरा चौक, ऋषिकुल से रानीपुर मोड़ होते हुए वापस नेहरू युवा केंद्र पहुँची। रैली के जरिये आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। जागरुकता रैली में पुलिस के साथ एनएचएआई, परिवहन विभाग व विभिन्न संगठन शामिल हुये।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के आदेश पर 34वें सड़क सुरक्षा माह में सड़क सुरक्षा गतिविधियां, सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण, कार्यशालाएं, सेमिनार तथा सड़क सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सोशल मीडिया के जरिये यातायात जन जागरूकता, ग्राफिक्स वीडियो मैसेज, ट्रक, बस, टैक्सी चालकों के यूनियनों के साथ बैठक कर जन जागरूकता कार्यक्रम व सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की सुरक्षा के लिये फर्स्ट एड की जानकारी दी जाएगी।
रैली के शुभारंभ मौके पर एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार, एसपी क्राइम पंकज गैरोला, एएसपी/सीओ सदर जितेंद्र मेहरा, सीओ ज्वालापुर शांतनु परासर, सीओ ट्रैफिक स्वप्निल मुयाल, सीओ लक्सर निहारिका सेमवाल, सीओ राकेश रावत, टीआई रुड़की, टीआई हरिद्वार, सीपीयू इंचार्ज आदि शामिल रहे।