फर्जी दस्तावेजों से शादी, महिला सामान लेकर फरार, छह पर मुकदमा

 

हरिद्वार। महिला को तलाकशुदा बताकर एक व्यक्ति की शादी करा दी गई और विवाह पंजीकरण के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया। शादी के बाद महिला घर का सामान चोरी कर फरार हो गई।

पुलिस के मुताबिक कोर्ट में दिए गए प्रार्थना पत्र में राकेश कुमार निवासी जगजीतपुर ने बताया कि हरिशंकर शर्मा निवासी श्रवणनाथ नगर ने उन्हें जानकारी दी थी कि वह एक तलाशुदा महिला से उसकी शादी करा देगा। उसकी बातों पर विश्वास कर लिया। तब उसने 10 अक्तूबर 2022 को उसकी शादी करवा दी। उप रजिस्ट्रार कार्यालय हरिद्वार में विवाह पंजीकरण कराया। 19 अगस्त 2024 को वह अपने मामा के घर गया हुआ था। तभी पत्नी पूनम घर का सभी सामान चोरी कर अजय व आलोक के साथ चली गई। उसे मालूम हुआ कि अजय से पूनम ने तलाक नहीं लिया था। उससे ये बात छिपाकर शादी करा दी गई।

आरोप है कि विवाह का पंजीकरण कराया और उसमें फर्जी टीसी का प्रयोग किया। आरोप है कि हरिशंकर, संजीव सैनी, विरेंद्र पंवार निवासी श्रवणनाथ नगर, अजय कुमार, आलोक कुमार निवासी पूर्वी वली महावीर एन्क्लेव थाना गंगनहर रुड़की, पं. सच्चिदानन्द निवास लक्सर आर्य समाज मंदिर हरिद्वार के नाम से फर्जी लेटरपेड छपवाए हुए हैं। स्कूल के नाम से भी फर्जी टीसी बनाई जाती है। इसका उपयोग विवाह पंजीकरण में करते हैं। आरोप है कि कई लोगों के साथ ऐसा किया जा चुका है। थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *