बहादराबाद में विकास कार्यों का निरीक्षण

बहादराबाद/हरिद्वार। अपर सचिव ऊर्जा एवं माध्यमिक शिक्षा रंजना राजगुरु ने शनिवार को बहादराबाद क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र सलेमपुर बहादराबाद-12 और 19, ग्राम पंचायत बहादराबाद स्थित वाटर टैंक, राजकीय प्राथमिक विद्यालय अत्मलपुर बौंगला समेत अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों ने ‘हाथी राजा कहाँ चले’ जैसी कविताओं पर अभिनय प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपर सचिव ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर एक महिला लाभार्थी को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई। इस दौरान कुछ महिलाओं द्वारा पांच माह से पोषण किट न मिलने की शिकायत पर सचिव ने मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे को मामले की जांच कर आवश्यक समाधान के निर्देश दिए।

राजकीय प्राथमिक विद्यालय अत्मलपुर बौंगला में निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद किया और 3 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों की लर्निंग पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने विद्यालय में शिक्षा, पोषण, टेक होम राशन और सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि बच्चों को पौष्टिक व स्वादिष्ट भोजन ही परोसा जाए और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। बच्चों को प्रतिदिन ब्रश करने, खाना खाने से पहले हाथ धोने, बाल कटवाने, स्वच्छता बनाए रखने और नियमित स्कूल आने की सलाह दी गई। विद्यालय में पिछले दस वर्षों से नि:शुल्क पढ़ा रहे सेवानिवृत्त शिक्षक सतीश कुमार की सराहना करते हुए सचिव ने उनके कार्यों की प्रशंसा की और उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।

ग्राम पंचायत बहादराबाद में विश्व बैंक परियोजना के अंतर्गत निर्मित 750 केएल क्षमता वाले वाटर टैंक का भी निरीक्षण किया गया। ईई शशि भूषण ने जानकारी दी कि इस टैंक से आपूर्ति किया जाने वाला पानी पीने योग्य है। सचिव ने निर्देश दिए कि इस संबंध में ग्राम पंचायत और सार्वजनिक स्थानों पर सूचना डिस्प्ले की जाए तथा आमजन को जागरूक किया जाए। उन्होंने सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के भी निर्देश दिए।

मृदा स्वास्थ्य परीक्षण केंद्र बहादराबाद में उन्होंने लैब की कार्यप्रणाली, मृदा परीक्षण प्रक्रिया और कृषकों पर इसके प्रभाव की जानकारी ली। उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर मृदा स्वास्थ्य कार्ड से जुड़ी जानकारी भी ली। इसके पश्चात उन्होंने सरस विपणन केंद्र के शगुन बेकरी और ग्रोथ सेंटर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से रोजगार व आमदनी के विषय में चर्चा की और बेकरी उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए प्रभावी मार्केटिंग के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत भगतनपुर आबिदपुर में चंद्रभागी मत्स्य सेवा केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्हें रूही और एनएफसी मछलियों तथा तालाब के पानी को रिसायकल करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। मत्स्य अधिकारी गरिमा मिश्रा और प्लांट संचालक संदीप पंचवाल ने संयंत्र की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।

पुलिस स्टेशन बहादराबाद के निकट निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए सचिव ने बताया कि सेंटर छह महीने पूर्व बनकर तैयार हो चुका है लेकिन अभी तक हैंडओवर नहीं हुआ है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लैब में साफ-सफाई सुनिश्चित करने और वहां पड़ी अव्यवस्थित सामग्री हटाने के निर्देश दिए। अग्निशमन के लिए दीवार के ऊपर से डाले गए पाइप को लेकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे, मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता, पीडी केएन तिवारी, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, वरिष्ठ परियोजना अधिकारी वाई.एस. बिष्ट, बीडीओ मानस मित्तल, एपीडी नलनीत घिल्डियाल सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *