हरिद्वार। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के तहत 42 विद्यालयों में योग और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, बहादराबाद, भगवानपुर, लक्सर, खानपुर सहित विभिन्न ब्लॉकों के विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी योग एवं कला प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बहादराबाद के राष्ट्रीय कन्या जूनियर हाई स्कूल की छात्रा रजनंदिनी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे गांव का नाम रोशन किया, जबकि साक्षी, राशी और आरुषि ने भी अपनी उत्कृष्ट कला व योग क्षमता से सबका मन मोह लिया। भगवानपुर के उजैफा, शिवानी और अजीम ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया, वहीं कशिश शर्मा और ताजरियां ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लक्सर के विशाल और खानपुर के दीपक ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस आयोजन में विद्यालयों के प्रधानाचार्य, ग्राम प्रधान और स्थानीय जनप्रतिनिधि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. स्वास्तिक सुरेश ने इसे एक सामाजिक जागरूकता अभियान बताते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ-साथ बुजुर्गों और युवाओं को भी प्रेरित कर रही है। राष्ट्रीय आयुष मिशन के नोडल अधिकारी डॉ. अवनीश उपाध्याय ने इसे ग्रामीण क्षेत्रों में योग चेतना फैलाने की दिशा में एक सशक्त प्रयास बताया।
प्रधानाचार्या कविता रावत ने कहा कि रजनंदिनी की उपलब्धि पूरे गांव के लिए गर्व का विषय है। भगवानपुर के ग्राम प्रधान नरेश पाल ने इस आयोजन को योग के शहरी दायरे से निकलकर गांव-गांव तक पहुंचाने वाला बताया। आदर्श इंटर कॉलेज, लक्सर के प्रधानाचार्य विजय कुमार ने कहा कि प्रतियोगिता से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करते हैं। गवर्नमेंट हाई स्कूल, खानपुर की अतिथि प्रीति त्यागी ने इसे एक सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का संकेत माना।
कार्यक्रम के आयोजन में शामिल चिकित्सा अधिकारियों में डॉ. मोनिका प्रभाकर, डॉ. नवीन दास, डॉ. सोरमी सोनकर, डॉ. घनेन्द्र वशिष्ठ, डॉ. विश्वजीत मांझी, डॉ. मनीषा चैहान, डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत, डॉ. विशाल प्रभाकर, डॉ. विक्रम रावत, डॉ. रेनू सिंह, डॉ. योगेन्द्र जैसवान, डॉ. अश्वनी कौशिक, डॉ. मोहम्मद मारूफ और डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि विजेता प्रतिभागियों की प्रविष्टियाँ अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित की जाएंगी।