रुड़की। नगर निगम सभागार में समाज कल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल ने की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर निवास करने वाले पात्र व्यक्तियों तक सुनिश्चित रूप से पहुँचे। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन करने को कहा।

उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए विशेष कैंप जल्द आयोजित करने, और सामाजिक संगठनों व जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर छूटे पात्रों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को छात्रवृत्ति से वंचित न रहने देने के लिए छात्रों की अद्यतन सूची देने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसान सम्मान निधि व श्रमिकों के पंजीकरण कार्यों को भी प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।

सेवायोजन अधिकारी को स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने हेतु कंपनियों से समन्वय कर 70 प्रतिशत रोजगार आरक्षित कराने के निर्देश दिए गए। विधायक प्रदीप बत्रा ने छात्रवृत्ति के लिए तहसील स्तर पर विशेष सेल बनाए जाने की बात कही। बैठक में मौके पर दो पात्र व्यक्तियों को अटल आवास सम्मान पत्र और एक दिव्यांग को व्हीलचेयर प्रदान की गई।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, विधायक प्रतिनिधि सुशील त्यागी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अभिजीत सिंह, अन्य विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। श्री कर्णवाल ने समान नागरिक संहिता लागू करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए इसे बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के सपने को साकार करना बताया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *