सीतापुर |रानीपुर विधानसभा के सीतापुर क्षेत्र स्थित पृथ्वीराज चौहान धर्मशाला में शनिवार को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष पूर्ण होने पर “विकसित भारत संकल्प सभा” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बहादराबाद मंडल और चौक बाजार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा और महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री अनु कक्कड़ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर अहमदाबाद विमान हादसे में मारे गए यात्रियों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक आदेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में मजबूती हासिल की है। मोदी सरकार ने गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाईं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया गया, बल्कि करोड़ों जरूरतमंदों तक मुफ्त राशन भी पहुंचाया गया।
वहीं, जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्षों में भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ा है। रक्षा, विज्ञान, तकनीक और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के क्षेत्र में भारत ने उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की हैं।
महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री अनु कक्कड़ ने कहा कि बीते एक दशक में सड़क, परिवहन, चिकित्सा, कृषि, उद्योग और रक्षा जैसे क्षेत्रों में भारत ने अभूतपूर्व प्रगति की है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष विपिन शर्मा, वरुण वाशिष्ठ, पार्षद सुनील पांडे, हरविंदर सिंह, योगेन्द्र सैनी, आशुतोष चक्रपाणि, विनीत चौहान, नागेन्द्र राणा, मनोज परालिया, अंकुर मेहता समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।