कैंपा निधि पर समीक्षा बैठक, वन संरक्षण और ग्रीन कवर बढ़ाने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में उत्तराखंड कैंपा शासी निकाय की बैठक हुई। बैठक में कैंपा निधि से संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि फंड का उपयोग वनों के सतत प्रबंधन, वानिकी विकास, पर्यावरण संतुलन और वन आश्रित समुदायों के कल्याण के लिए हो। उन्होंने देहरादून में ग्रीन कवर बढ़ाने के लिए कैंपा फंड से केंद्र सरकार से अनुमति लेने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।

उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन को प्राथमिकता देते हुए वन, पेयजल, जलागम, ग्राम्य विकास और कृषि विभाग को संयुक्त योजना बनाने के निर्देश दिए। वनाग्नि रोकथाम के लिए आधुनिक तकनीक और सामुदायिक भागीदारी पर जोर दिया गया। साथ ही वृक्षारोपण में पौधों के संरक्षण और उनकी सफलता दर बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि हरेला पर्व पर फलदार और औषधीय पौधों का व्यापक स्तर पर रोपण किया जाए, साथ ही लोगों को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जोड़ा जाए। गौरा देवी की जन्म शताब्दी पर सभी वन डिवीजनों में फलदार पौधे लगाने के निर्देश भी दिए गए।

वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि स्थानीय लोगों को वन संरक्षण से जोड़ने के लिए स्वरोजगार और आजीविका आधारित कार्यक्रम चलाए जाएं ताकि उनकी भागीदारी बढ़े। बैठक में विधायक भूपाल राम टम्टा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक समीर सिन्हा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *