हरिद्वार: आस्था के इस महापर्व पर अगले 72 घंटे डाक कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ने वाली है। इसे देखते हुए महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने स्थानीय जनता और व्यापारियों से मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा जारी नियमों का सभी को पालन करना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही शिवभक्तों से भी हरिद्वार की मर्यादा और गरिमा बनाए रखने की अपील की गई है।
सेठी ने भरोसा दिलाया कि मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो, इसके लिए हर स्तर पर सहयोग किया जाएगा। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं और शहरवासियों से भी आगे आकर सहयोग की अपील की।
अगले तीन दिन हाईवे और बाजारों में भारी भीड़ की संभावना है। ऐसे में सभी को मिलकर धर्मनगरी की गरिमा बनाए रखने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने मां गंगा से शिवभक्तों की यात्रा मंगलमय और मनोरथ पूर्ण होने की कामना भी की।