हरिद्वार। गणेशपुर क्षेत्र से ट्यूशन के बहाने घर से निकले दो बच्चों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बताया गया कि गणपति विहार निवासी सुधीर कुमार का 13 वर्षीय बेटा केशव और 7 वर्षीय बेटी मिस्टी मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने जब बच्चों की तलाश की और कोई सुराग नहीं लगा, तो कोतवाली गंगनहर में सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आर.के. सकलानी ने वरिष्ठ उप निरीक्षक अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की। टीम ने तत्परता दिखाते हुए मंगलौर क्षेत्र में पुराने नहर पुल पटरी के पास से दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे कांवड़ लेने हरिद्वार जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया।