टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना पर जल्द शुरू होगा कार्य

देहरादून। टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन पर जल्द काम शुरू होने की संभावना है। केंद्र सरकार ने इस परियोजना के लिए राज्य सरकार से औपचारिक सहमति मांगी है, जिसे जल्द भेजा जाएगा। करीब 170 किमी लंबी यह लाइन कुमाऊं क्षेत्र के रेल विस्तार में गेम चेंजर साबित हो सकती है। इसका फाइनल सर्वे पूरा हो चुका है और अब राज्य सरकार से विमर्श के बाद काम शुरू होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव को जल्द औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

इधर, कर्णप्रयाग रेल लाइन पर तेजी से कार्य जारी है और इसे 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। टनकपुर-बागेश्वर लाइन बन जाने के बाद कर्णप्रयाग-बागेश्वर को जोड़कर गढ़वाल-कुमाऊं के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित किया जा सकेगा। इसके साथ ही ऋषिकेश-उत्तरकाशी और देहरादून-सहारनपुर रेल प्रोजेक्ट की डीपीआर भी तैयार की जा रही है। 81 किमी लंबी देहरादून-सहारनपुर लाइन शाकुंभरी देवी मार्ग से होकर हर्रावाला तक पहुंचेगी, जिसमें 11 किमी सुरंग भी प्रस्तावित है। केंद्र सरकार उत्तराखंड में रेल नेटवर्क विस्तार के लिए राज्य सरकार को हरसंभव सहयोग दे रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *