हरिद्वार। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की 138वीं जयंती जनपद में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पंत पार्क और कलेक्ट्रेट सभागार में पंत जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने पंत जी को महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर वक्ता और समाज सुधारक बताते हुए कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
डीएम ने कहा कि पंत जी के सपनों का भारत तभी साकार होगा जब हम निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएंगे। जनपद के सभी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित कर पंत जी को श्रद्धांजलि दी गई।
विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे ने पंत जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर नगर निगम के मुख्य नगर अधिकारी नंदकुमार, एडीएम दीपेंद्र सिंह नेगी, एडीएम पीआर चौहान, नगर मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।