हरिद्वार।
2027 के दिव्य-भव्य कुंभ की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने गुरुवार को कुंभ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने गौरी शंकर द्वीप, नमामि गंगे चंडी घाट, मोक्ष घाट, बैरागी कैंप, दक्ष द्वीप, पंतद्वीप, हरकी पैड़ी से मालवीय द्वीप होते हुए सीसीआर मेला कंट्रोल रूम तक का निरीक्षण किया। उन्होंने जिन घाटों पर अभी रेलिंग नहीं लगी है, वहां श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तत्काल रेलिंग लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नजीबाबाद हाईवे स्थित गौरी पार्किंग स्थल पर मल्टी मॉडल हब, चंडी देवी मंदिर तक रोपवे निर्माण, नीलधारा में कल्चरल हब और लेजर शो, बैरागी कैंप व दक्षद्वीप में नए घाटों का निर्माण, कनखल एरिया कैनाल फ्रंट डेवलपमेंट, स्थाई पुल और सड़कों के सुदृढ़ीकरण जैसे प्रस्तावित कार्यों की प्रगति देखी।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता है कि 2027 का कुंभ दिव्य और भव्य रूप में आयोजित हो। इसके लिए सभी स्थायी और अस्थायी निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक पूर्ण किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान मेला अधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जनपद आगमन पर मेला अधिकारी और जिलाधिकारी ने पुष्पगुच्छ भेंटकर मुख्य सचिव का स्वागत किया।