हरिद्वार में रिश्तों के खूनी अंत की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शिवलोक कॉलोनी से सटे भभूतावाला बाग में जिला अस्पताल का ड्राइवर मुकेश पुजारी अपनी लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर बैठा। आरोपी ने गुरुवार रात ब्यूटी पार्लर में हुए विवाद के दौरान 34 वर्षीय पिंकी पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद मुकेश ने खुद ही भाई को खबर दी और तड़के रानीपुर कोतवाली पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, मुकेश जिला अस्पताल में चतुर्थश्रेणी कर्मचारी है और करीब 11 साल से पिंकी के साथ लिव-इन में रह रहा था। पिंकी का भभूतावाला बाग में मकान और पास ही ब्यूटी पार्लर है। दोनों की आठ साल की एक बेटी भी है। जबकि मुकेश की पत्नी और दो बेटे अलग रहते हैं।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला शक और अविश्वास का सामने आया है। मुकेश को संदेह था कि पिंकी के किसी और से संबंध हैं। इसी शक को लेकर गुरुवार रात झगड़ा हुआ और बात हत्या तक पहुंच गई।
मृतका के पिता प्रदीप चटर्जी ने पुलिस को बताया कि मुकेश अक्सर उनकी बेटी से मारपीट करता था और जान से मारने की धमकी भी देता था। पिंकी इस वजह से काफी परेशान चल रही थी और उसने यह बात पिता को बताई भी थी।