स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक

हरिद्वार। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा” का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने इसके लिए विस्तृत कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए आदेश जारी किए हैं। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित कर कार्यक्रमों की सफलता की जिम्मेदारी सौंपी है।

पखवाड़े की शुरुआत 17 सितंबर को स्वच्छारंभ दिवस के साथ होगी, जिसमें शासकीय कार्यालयों, आवासीय परिसरों, ग्राम पंचायतों और विकास खंड मुख्यालयों में स्वच्छता शपथ और अभियान चलाए जाएंगे। 18 सितंबर को स्वच्छ सार्वजनिक स्थल थीम के तहत प्रमुख चौराहों, पार्कों, बस स्टेशनों और अस्पतालों में सफाई अभियान होगा।

22 और 23 सितंबर को सफाई मित्र सुरक्षा शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिसमें सफाई मित्रों को सुरक्षा किट और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। 25 सितंबर को एक दिन, एक घंटा, एक साथ थीम के तहत जनपदव्यापी श्रमदान और स्वच्छता अभियान चलेगा।

27 सितंबर को स्वच्छ हरित उत्सव विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर सफाई अभियान के साथ प्लास्टिक मुक्त कार्यक्रम होंगे। 29 सितंबर को स्वच्छता के लिए वकालत थीम पर कचरे और गंदगी से फैलने वाली बीमारियों पर जागरूकता गोष्ठी होगी।

30 सितंबर को स्वच्छ एवं सुजल अभियान के तहत नालियों, अमृत सरोवरों, पेयजल टंकियों और सामुदायिक शौचालयों की सफाई की जाएगी। 1 अक्टूबर को स्वच्छतोत्सव प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें निबंध, पेंटिंग और रैली के जरिए बच्चों को शामिल किया जाएगा।

2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस पर पखवाड़े का समापन होगा। इस दौरान स्वच्छता में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, ग्राम पंचायतों, पर्यावरण मित्रों और स्वच्छता प्रहरियों को सम्मानित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने, अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित कराने और कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *