हरिद्वार। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच का कड़ा विरोध करते हुए इसे बीसीसीआई का शर्मनाक फैसला बताया। उन्होंने कहा कि देश की भावनाओं और गुस्से को देखते हुए केंद्र सरकार को आगे होने वाले सभी मैचों को स्थगित कर देना चाहिए।
सुनील सेठी ने आरोप लगाया कि बीसीसीआई यह मैच मजबूरी में नहीं, बल्कि पैसों के लालच और टीआरपी बढ़ाने के निजी स्वार्थ में करा रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ खेलना शहीदों का अपमान है। इस संबंध में वे पहले भी मांग कर चुके हैं, लेकिन देशवासियों की भावनाओं को दरकिनार करते हुए बीसीसीआई ने इस मैच को मंजूरी देकर करोड़ों हिंदुस्तानियों सहित ऑपरेशन सिंदूर के पीड़ितों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, जो बेहद निंदनीय है।
जिला अध्यक्ष ने शहीदों और आतंकी हमलों में मारे गए निर्दोषों को श्रद्धांजलि देते हुए सभी व्यापारियों और स्थानीय जनता से अपील की कि वे इस मैच का बायकॉट करें और इसे न देखें।