हरिद्वार। धर्मनगरी में लगातार बढ़ रहे अपराधों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कनखल थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि शहर में हर दिन लूट, हत्या और चैन स्नैचिंग जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन अपराधियों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रहा है, जिसके चलते शहर में अराजकता का माहौल बन गया है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज सैनी और पूर्व पार्षद उपेंद्र कुमार ने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और पुलिस का खौफ अपराधियों से खत्म हो गया है। वहीं पूर्व पार्षद राजीव भार्गव और युवा नेता हिमांशु राजपूत ने बढ़ती बेरोजगारी और नशे को अपराध बढ़ने की प्रमुख वजह बताया। उन्होंने मांग की कि प्रशासन अवैध नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करे।
यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना और पूर्व अध्यक्ष नितिन तेश्वर ने चेतावनी दी कि अगर अपराधों में जल्द कमी नहीं आई तो कांग्रेस के युवा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। पार्षद हिमांशु गुप्ता और ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि कनखल क्षेत्र में लगातार हो रही चैन स्नैचिंग की घटनाओं ने महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि भाजपा सरकार के ‘अच्छे दिन’ के वादे अब भय और असुरक्षा में बदल गए हैं। महिलाएं और बच्चे त्यौहारों के मौके पर भी घर से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने हालात नहीं सुधारे तो कांग्रेस पार्टी पूरे जिले में उग्र आंदोलन करेगी।
महानगर कांग्रेस महासचिव विजय प्रजापति और उपाध्यक्ष राजेंद्र भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार ‘न भय, न भ्रष्टाचार’ के नारे के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन आज प्रदेश में भय भी है और भ्रष्टाचार भी अपने चरम पर है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता अब भाजपा सरकार की असलियत समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।