कलियर/हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने हाईवे लूट के मामले में चार नकाबपोश बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की गई संपत्ति और लूट में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद किया गया।
30 सितंबर को कृष्णानगर, रुड़की निवासी विशांत सैनी ने थाना कलियर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कंपनी से ड्यूटी खत्म होने के बाद वह अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल से कोर इंजीनियरिंग कॉलेज से कलियर रोड होते हुए रहमतपुर फ्लाईओवर और ईट के भट्टे गांव बाजूहेडी के पास जा रहे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्ति उनके पास आए और गाली-गलौच करते हुए मारपीट की। आरोपियों ने उनके आईफोन, सोने की चैन व अंगूठी, साथ ही दोस्त का मोबाइल और नकद छीन लिया।
शिकायत के आधार पर थाना कलियर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। जांच में वादी का दोस्त सुनील कुमार संदिग्ध पाया गया।
गुप्त सूचना पर सोमवार को निर्माणाधीन 6-लाइन नहर पटरी के पास सुनील कुमार सहित चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अंकुर कुमार ने बताया कि उसने नौकरी छूटने और महंगी चीजों के लालच में अपने दोस्तों के साथ वारदात को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अंकुर सैनी (24), कन्हैया सैनी (22), मनोज कुमार (25) और सुनील कुमार (38) शामिल हैं। बरामदगी में एक पीली धातु की चैन, एक मोबाइल फोन (वीवो कंपनी), ₹1100 नकद और एक देसी तमंचा 315 बोर शामिल हैं।
थाना कलियर की टीम में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक बबलू चौहान, उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, हेड कांस्टेबल रबिन्द्र बालियान, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, कांस्टेबल राहुल चौहान, कांस्टेबल फुरकान अहमद, कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह, कांस्टेबल विक्रम सिंह, कांस्टेबल विजयपाल सिंह, कांस्टेबल सचिन सिंह और कांस्टेबल नीरज राणा शामिल रहे। एसओजी टीम में हेड कांस्टेबल चमन सिंह और कांस्टेबल राहुल नेगी शामिल थे।