हरिद्वार। साइबर अपराधों से बचाव को लेकर गुरुवार को कनखल स्थित डीएवी स्कूल, जगजीतपुर में साइबर क्राइम सेल हरिद्वार की ओर से साइबर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ ने भाग लिया।
अधिकारियों ने छात्रों को बढ़ते साइबर अपराधों के विभिन्न रूपों, ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों और उनसे बचने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि सोशल मीडिया, गेमिंग प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन लेनदेन करते समय सावधानी बरतना बेहद आवश्यक है।
“साइबर सुरक्षा–आपकी जिम्मेदारी” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से साइबर अपराधों के खतरों और सतर्कता के महत्व को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में साइबर क्राइम सेल की टीम ने सभी से अपील की कि वे ऑनलाइन सुरक्षा के नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।